अधिशासी अधिकारी ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण
विकासनगर
नगर पालिका हरबर्टपुर के अधिशासी अधिकारी ने नगर क्षेत्र में निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता बनाये रखने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने बंशीपुर में वैक्सीनेशन केंद्र की व्यवस्थाएं भी देखी। हरबर्टपुर पालिका के नए अधिशासी अधिकारी भगवंत सिंह बिष्ट ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र में चल रहे नाली, सीसी और टाइल्स मार्ग निर्माण के साथ अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने हरबर्टपुर देहरादून मार्ग पर एनएच किनारे पेयजल लाइन टूटने से बने गड्ढे की जांच कर मौके से राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रुडक़ी के अधिशासी अभियंता को फोन कर समस्या के निस्तारण की बात भी की। इसके बाद उन्होंने बंशीपुर में बनाये गये वैक्सीनेशन केन्द्र पहुंचकर वैक्सीनेशन की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉफ के साथ वैक्सीन लगवाने पहुंचे लोगों से बात कर समस्याएं भी जानीं। ईओ भगवंत सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ क्षेत्रीय समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने नगर वासियों से बरसात के मद्देनजर जगह-जगह गंदगी न फेंकने की अपील भी की। साथ ही, सफाई कर्मियों को सफाई व्यवस्था सुदृढ़ बनाने के निर्देश भी दिए।
