अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ विस्थापितों का प्रदर्शन
ऋषिकेश। पशुलोक विस्थापित क्षेत्र के आमबाग की गली नंबर एक में कायदे कानूनों को ताक पर रखकर हो रहे अवैध निर्माण को लेकर विस्थापितों ने एमडीडीए कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मौके पर सहायक अभियंता का घेराव कर प्राधिकरण पर बिल्डरों से मिलीभगत का आरोप लगाया। अनाधिकृत निर्माण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी दी। मंगलवार को विस्थापित समन्वय विकास समिति के बैनर तले पशुलोक विस्थापित क्षेत्र के लोग जुलूस की शक्ल में दून रोड पर ऋषिलोक कॉलोनी स्थित मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के कार्यालय पहुंचे। यहां आमबाग में धड़ल्ले से नियमों का उल्लंघन कर बन रही बहुमंजिला इमारतों को खतरे की घंटी बताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्राधिकरण अवैध निर्माण पर दिखावे की कार्रवाई करता है। आमबाग में प्राधिकरण के सील करने के बाद भी निर्माण कार्य चल रहा है, इससे प्राधिकरण और बिल्डरों की मिलीभगत से इंकार नहीं किया जा सकता। अनियोजित निर्माण से विस्थापितों के आवास में हवा और धूप का संकट गहरा गया है। सहायक अभियंता का घेराव कर निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारतों का कार्य रुकवाने और बिल्डरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। चेताया कि जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सहायक अभियंता एमडीडीए राजेंद्र बहुगुणा ने प्रदर्शनकारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। प्रदर्शन में समिति अध्यक्ष हरि सिंह भंडारी, मनीष मैठाणी, गिरीश नौटियाल, गणेश बिजल्वाण, प्रमोद थपलियाल, दाताराम बिजल्वाण, धर्म सिंह तड़ियाल, अरूण बिजल्वाण, जगदंबा रतूड़ी, दिनेश नौटियाल, महादेव नौटियाल, गौतम बिष्ट, विजय थपलियाल, आशीष रतूड़ी, आदित्य पंवार, दीपक भारद्वाज, भूपेंद्र भंडारी, अनिल बुटोला आदि मौजूद रहे।
