जौनसार बावर के सेब उत्पादक प्रशिक्षण लेने हिमाचल हुए रवाना
विकासनगर। न्यू कैंट रोड स्थित कैंप कार्यालय में कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उद्यान विभाग में संचालित जिला योजनान्तर्गत चकराता, कालसी और सहसपुर के सेब उत्पादक किसानों के 30 सदस्यीय दल को सेब पौधरोपण, काटाई-छटाई, उर्वरक खाद, उन्नत पैदावार तथा फल तुड़ाई उपरान्त प्रबन्धन आदि विषय पर 03 दिवसीय प्रशिक्षण हेतु डॉ. वाईएस परमार यूनिवर्सिटी ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री नौणी सोलन हिमाचल प्रदेश के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सोमवार को दल को रवाना करते हुए काबीना मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय सेब के पौधों की कटाई छटाई एवं पौधो को ऊर्वक खाद आदि दिये जाने का उपयुक्त समय है। फलस्वरूप किसानों को प्रयोगात्मक प्रशिक्षण भी मिलेगा। इसके साथ ही प्रशिक्षणार्थी उक्त प्रशिक्षण संस्थान से सेब उत्पादन हेतु नवीन तकनीकी की जानकारी प्राप्त कर स्वयं भी लाभ उठाएंगे और अन्य किसानों को भी इसकी जानकारी देंगे। जिससे कि सेब उत्पादकता में वृद्धि हो सके। भविष्य में इसी प्रकार से किसानों को प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु समय-समय पर भेजा जाएगा। मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है, कि जब राज्य 25 वर्ष का होगा तो हम सेब के उत्पादन को दुगना करेंगे। इसके लिए किसानों को प्रशिक्षण देना जरूरी है। उन्होंने कहा यह दल जब हिमाचल से प्रशिक्षण प्राप्त कर लोटेगा तो यह प्रदेश के अन्य किसानों को प्रशिक्षण देंगे। जिससे सेब उत्पादन को दो गुना करने का संकल्प सार्थक होगा। इस दौरान उद्यान निदेशक एचएस बावेजा, मुख्य उद्यान अधिकारी डॉ. मीनाक्षी जोशी आदि मौजूद रहे।
