तहसील दिवस पर 27 शिकायतें दर्ज, 21 का मौके पर निस्तारण
विकासनगर।
मंगलवार को विकासनगर में एसडीएम विनोद कुमार की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिसमें 27 शिकायतें दर्ज की गयी। जिनमें अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग में प्रमाण पत्रों, रास्तों व संपति विवाद से संबंधित थे। साथ ही नगर पालिका, ऊर्जा निगम, समाज कल्याण विभाग से सबंधित शिकायतें दर्ज की गयी। 21 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। छह शिकायतों के निस्तारण को एसडीएम विनोद कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रंद्रह दिनों के अंदर शिकायतों का निस्तारण कर रिपोर्ट सौंपी जाय। इस मौके पर तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़, शिक्षा विभाग, पेयजल निगम, लोनिवि, जल संस्थान, नगर पालिका, ऊर्जा निगम, वन विभाग, सिंचाई विभाग, समाज कल्याण विभाग आदि सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं चकराता में एसडीएम सौरभ असवाल की अध्यक्षता में कैंट इंटर कालेज चकराता के सभागार में तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिसमें 16 शिकायतें दर्ज हुई। अधिकांश शिकायतें लोनिवि की सडक़ों के मुआवजे व मार्गों के बंद होने को लेकर की गयी। मौके पर तीन ही शिकायतों का निस्तारण हो पाया। इस मौके पर एसडीएम ने अधिशासी अभियंता लोनिवि को तीन माह से बंद लोरली रिखाड़ मार्ग को एक सप्ताह के भीतर खोलने के आदेश दिए। साथ ही मार्ग से प्रभावित लोगों का मुआवजा देने के भी निर्देंश दिए। दैवीय आपदा में हुए नुकसान के मुआवजे को लेकर भी लोगों ने शिकायतें की। इसके अलावा पेयजल, सिंचाई, ऊर्जा निगम को लेकर भी शिकायतें दर्ज की गयी। समाज कल्याण विभाग पर विधवा, विकलांग, वृद्धावस्था पेंशन के दस्तावेज तैयार करने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया। लेकिन समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पाया। एसडीएम चकराता सौरभ असवाल ने पंद्रह दिनों के भीतर सभी समस्याओं का निस्तारण करने के अधिकारियों को आदेश दिए। कहा कि मामलों के निस्तारण की रिपोर्ट तत्काल उन्हें सौंपी जाय। इस मौके पर केडी जोशी, पूर्ति निरीक्षक सुखवीर सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, लोनिवि अधिकारी, पुलिस, जल निगम, जल संस्थान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
