नौतनवा के रजिस्ट्रार कानूनगो के विरुद्ध पट्टों में अनियमितता को लेकर कलेक्टरेट सम्बद्ध करने का आदेश
महराजगंज
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में राजस्व एवं कर-करेत्तर की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व व कर वसूली बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को धारा-24 के मामलों के निस्तारण में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी तहसीलदारों को धारा 122बी के मामलों को तेजी से निस्तारित करने का निर्देश दिया। इस संदर्भ उन्होंने अपर जिलाधिकारी को उक्त मामलों के निस्तारण की समीक्षा दैनिक रुप से करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने तहसील निचलौल में आय, निवास व जाति प्रमाणपत्रों के लंबित होने पर नाखुशी जाहिर की और लंबित आवेदनों को तत्काल निस्तारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी तहसीलों को कृषक बीमा दुर्घटना के आवेदनों को एक हफ्ते में निस्तारित करने का निर्देश दिया। इससे अधिक समय लेने पर संबंधित लेखपाल से स्पष्टीकरण मांगते हुए कार्यवाही का निर्देश दिया जिलाधिकारी ने प्रत्येक ग्राम पंचायत और नगर पालिका में खेल के मैदान के निर्माण हेतु भूमि का चिन्हांकन कर सम्बन्धित विभाग को सौंपने हेतु एसडीएम व एसओसी चकबंदी को निर्देशित किया। बैठक में नौतनवां के रजिस्ट्रार-कानूनगो सुभाष वर्मा द्वारा तालाब के पट्टों में अनियमितता करने की गंभीर शिकायत मिलने पर, उन्हें तत्काल कलेक्ट्रेट से संबद्ध करते हुए, उपजिलाधिकारी नौतनवां को जाँच कर आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों व एसओसी चकबंदी को अपने-अपने कोर्ट की समीक्षा कर लें और यदि कोई अनियमितता मिलती है, तो संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने विद्युत, वाणिज्य कर व बैंकों के आरसी की वसूली को तेज करने का निर्देश दिया। इस सन्दर्भ में उन्होंने विद्युत विभाग व वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय करते हुए वसूली को सुनिश्चित करने के लिए कहा। जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर कर-करेत्तर की बैठक उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में प्रति माह आयोजित करने का निर्देश दिया।बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सभी उपजिलाधिकारी/तहसीलदार, उपायुक्त वाणिज्यकर आर.पी. चौरसिया, एक्सईएन हाइडिल हरिशंकर, जिला आबकारी अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
