यज्ञ करने से मिलती है मन की शांति: तोमर
विकासनगर। आर्य समाज मंदिर डोभरी में रविवार को साप्ताहिक सत्संग की शुरुआत यज्ञ से हुई। वैदिक ऋचाओं के सस्वर वाचन के साथ ही हवन कुंड में आहुति डालकर विश्व शांति और प्रदेश को आपदाओं से निजात दिलाने की कामना की गई। सत्संग के दौरान आर्य प्रतिनिधि सभा के वरिष्ठ उप प्रधान नरेंद्र तोमर ने बताया कि यज्ञ संसार का सर्वश्रेष्ठ कर्म है। जो मनुष्य जीवन को दिव्य गुणों से युक्त कर देवताओं का पूजन करता हुआ सज्जनों की संगति करते हुए परहित सर्वोपरि रखता है, वही सब सुखों को प्राप्त कर सकता है। कहा कि आज संसार में चारों ओर अशांति ही अशांति दृष्टिगोचर होती है। कारण स्पष्ट है मनुष्य वेद मार्ग से दूर है। बताया कि ऋषियों का का संदेश है कि मन में शांति चाहते हो तो यज्ञ करो और अपने जीवन को सुगंधित करो। इस दौरान आर्य उप प्रतिनिधि सभा के उप प्रधान श्री नीरज कुमार सैनी, अनमोल सैनी धर्मेंद्र सिंह, यशपाल तोमर, अजय आर्य, जयपाल सिंह तोमर आदि मौजूद रहे।
