लॉ परीक्षाएं मतदान के बाद कराने की मांग
देहरादून। कोविड काल और चुनावी दौर में गढ़वाल विवि की लॉ परीक्षाएं होने से छात्र परेशान हैं। उन्होनें परीक्षाएं चुनाव बाद करवाने की मांग उठायी है। शुक्रवार को लॉ कालेज गोपेश्वर के कुछ छात्रों ने प्रेस क्लब में मीडिया के सामने ये बात रखी। उन्होंने विवि के परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन देने की भी जानकारी दी। लॉ फाइनल इयर के छात्र अनुराग सिंह ने कहा कि एक पेपर 12 जनवरी को है, जबकि एक 16 को भी है। इसमें दूर दराज से भी छात्र आते हैं। ऐसे में वहां आकर शाम को वापस लौटना उनके लिए संभव नहीं है। वैसे ही कोरोना के चलते कई तरह की दिक्कते हैं। जबकि चुनाव के चलते भी वाहन सहित अन्य दिक्कतें होंगी। उन्होनें मांग की कि विवि परीक्षाएं स्थगित करे। ये या तो चुनाव बाद करायीं जाएं या आनलाइन का विकल्प हो। इससे पूर्व डीएवी कालेज के छात्र भी परीक्षा स्थगित करने या आनलाइन करने की मांग कर चुके हैं। विवि अपने कैंपस में परीक्षाएं पहले ही कोविड के चलते स्थगित कर चुका है। लेकिन बाकी कालेजों की नहीं की। जिसे लेकर छात्रों में रोष है। डीएवी कालेज के छात्रनेता हनी सिसोदिया ने कहा कि विवि अन्य कालेजों के लिए भी परीक्षाएं स्थगित करे या आनलाइन करे।
