वाहन चोर गिरफ्तार, नौ वाहन किए बरामद
देहरादून
रायपुर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, उसके कब्जे से नौ वाहन भी बरामद किए गए। अभियुक्त पहले भी वाहन चोरी के अपराध में जेल चुका है, उस पर छह से ज्यादा चोरी अन्य अपराधों के मुकदमें दर्ज हैं। पांच फरवरी को शिखा शर्मा निवासी मंगलूवाला रायपुर थाने में तहरीर दी। जिसमें बताया कि उनकी स्कूटी चोरी हो गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की। पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों से संदिग्धों के संबंध में जानकारी एकत्रित की और सीसीटीवी से प्राप्त हुलिए से मुखबिर तंत्र को अवगत कराते हुए उन्हें सक्रिय किया गया। शुक्रवार को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर खलंगा रोड रायपुर के पास से अभियुक्त संदीप कुमार निवासी संजय कॉलोनी डालनवाला को चोरी की स्कूटी के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने अन्य स्थानों से भी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकारी। उसकी निशानदेही पर खंलगा मेला ग्राउण्ड के पास झाड़ियों से अभियुक्त की ओर से छिपाए गए चोरी ले आठ वाहन भी बरामद किए गए।
