विधायक प्रीतम ने लिया साहिया में बारिश से हुए नुकसान का जायजा
———————-15
विकासनगर। जौनसार बावर के साहिया में भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए रविवार को विधायक प्रीतम सिंह प्रशासनिक अमले के साथ पहुंचे। उन्होंने संवेदनशील बस्तियों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही प्रभावितों को हर संभव सहायता मुहैया कराने के लिए तहसील प्रशासन को निर्देशित किया। विधायक ने सीएचसी साहिया, स्वास्थ्य विभाग की आवासीय कालोनी, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय प्राथमिक विद्यालय और अस्पताल के पास की बस्ती में हुए नुकसान का जायजा लिया। बस्ती में बसे 40 परिवारों पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए। कहा कि आपदा के दौरान प्रशासन की पहली प्राथमिकता जन हानि को रोकना होनी चाहिए। इसके लिए प्रशासन को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी अधिकारी अपना फोन स्विच ऑफ नहीं करेगा। जनता का फोन रिसीव नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि अमलावा के दोनों किनारों पर पर्याप्त बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान एसडीएम युक्ता मिश्रा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पीएन राय, डॉ. विक्रम तोमर आदि मौजूद रहे।
पूर्व जिपं अध्यक्ष ने सुनी लोगों की समस्याएं
बारिश से हुए नुकसान से पीड़ित लोगों की समस्याएं सुनने रविवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आरएस नौटियाल पहुंचे। उन्होंने आपदा प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार से हर संभव सहायता मुहैया कराई जाएगी। इसके साथ ही जल्द अमलावा के दोनों किनारों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाएंगे। इस दौरान प्रवीण चौहान, उमा दत्त जोशी, श्याम दत्त वर्मा, रविंद्र पाल, अमर सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
