STATE NEWSUTTARAKHAND

विवादित जमीन धोखे से बेचकर 1.90 करोड़ रुपये हड़पे

देहरादून। दून निवासी एक व्यक्ति को विवादित जमीन बेचकर कुछ लोगों ने 1.90 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर ली। मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दीपक निवासी रानीपोखरी देहरादून ने तहरीर में बताया कि अमर पाल निवासी नेहरू कॉलोनी देहरादून, रामपाल निवासी नाला सांवली यूपी और हरेंदर निवासी क्लेमेनटाउन देहरादून ने उन्हें मालसी क्षेत्र में एक जमीन दिखाई थी। आरोप है कि जमीन खरीदने के लिए उन्होंने तीनों को 1.90 करोड़ रुपये दिए। आरोपियों ने दीपक को केवल जमीन की पैमाइश के बारे में जानकारी दी। बताया गया था कि जमीन पर किसी भी प्रकार का विवाद नहीं है। आरोपियों ने विक्रयपत्र को इस प्रकार से प्रदर्शित किया की जमीन पर उनका अधिकार है। उन्होंने बताया कि बैनामा पंजीकृत होने के बाद उन्हें पता चला कि उक्त जमीन पर सिविल जज सीनियर डिवीजन के न्यायालय में वाद विचाराधीन है। आरोप लगाया कि तीनों ने छल से उनसे धनराशि एंठी और विवादित जमीन बेच दी। राजपुर थाना पुलिस ने अमर पाल, रामपाल, हरेंदर कुमार सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *