सस्ती और संस्कारित शिक्षा दे रहे विद्या भारती के स्कूल: डा.धन सिंह
श्रीनगर गढ़वाल।
सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिर इंटर कॉलेज श्रीकोट गंगानाली में आचार्य अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस मौके पर सेवा निवृत्त पुलिस अधिकारी उमराव सिंह नेगी ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिरों में सबसे सस्ती एवं संस्कारित शिक्षा दी जाती है। उन्होंने विद्यालय में खेल मैदान बनाने की घोषणा की व सबंधित अधिकारियों को खेल मैदान बनाए जाने के निर्देश दिए।
सम्मेलन में कोविड-19 से पहले की स्थिति, कोविड के समय और कोविड-19 के बाद अर्द्धवार्षिक परीक्षा और विद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति पर आचार्य और अभिभावकों ने चर्चा की। अभिभावक महिपाल सिंह राणा, भरत सिंह रावत, मुकेश मैठाणी ने कहा कि आचार्य छात्र/छात्राओं के पठन/पाठन के साथ ही खेल व अन्य गतिविधियों पर भी विशेष ध्यान दें। विद्यालय के प्रबन्धक हयात सिंह झिंक्वाण विद्यालय ने विद्यालय की प्रगति आख्या अभिभावकों को सम्मुख रखकर उपस्थित अभिभावकों का विशेष आभार प्रकट किया। सरस्वती शिशु मन्दिर की प्रधानाचार्या तृप्ति भाष्कर ने खेल आधारित शिक्षा पर जोर दिया। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने कहा कि हमें छात्र/छात्राओं के स्किल डेवलपमेंट पर ध्यान देना होगा। कार्यक्रम का संचालन आचार्य कुलदीप सिंह नेगी किया।
