Friday, October 16, 2026
FILMI GALIYA

कार्तिक को मिला वाशु भगनानी की एकसाथ तीन फिल्मों का प्रस्ताव?

कार्तिक आर्यन मौजूदा दौर के सबसे व्यस्त अभिनेताओं में से एक हैं। उनके पास एक से बढ़कर एक फिल्में हैं। बड़े-बड़े निर्माता-निर्देशक अपनी फिल्म में उन्हें साइन करने के लिए लाइन लगाए खड़े हैं। आलम यह है कि कार्तिक डेट्स की कमी से जूझ रहे हैं। बीते दिनों इस खबर ने तूल पकड़ा कि निर्माता वाशु भगनानी ने कार्तिक को एक या दो नहीं, बल्कि तीन फिल्मों का प्रस्ताव दिया है।
अब वाशु भगनानी के प्रोडक्शन हाउस पूजा एंटरटेनमेंट ने इस खबर को सिरे से खारिज कर दिया है। प्रोडक्शन कंपनी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस खबर का लिंक साझा करते हुए लिखा, इसमें दूर-दूर तक कोई सच्चाई नहीं है। इसके अलावा प्रोडक्शन हाउस से जुड़े सूत्र ने बताया कि ऐसी किसी भी तरह की फिल्म छापने से पहले उसकी पड़ताल करनी चाहिए। बिना सत्यापन के फिल्म से जुड़ी कोई भी कहानी बना देना गलत है।
रिपोर्टों में कहा जा रहा था कि कार्तिक को वाशु भगनानी ने अपनी तीन फिल्मों की डील का प्रस्ताव दिया है। फिलहाल कार्तिक ने इन तीनों फिल्मों की डील को साइन ना करते हुए होल्ड पर रखा हुआ है, क्योंकि वह सोच-समझकर कदम बढ़ाना चाहते हैं। रिपोर्टों के हवाले से कहा गया कि कार्तिक, रणबीर कपूर-शाहिद कपूर के ग्रुप के सबसे युवा अभिनेता हैं, इसलिए निर्माता-निर्देशक उन्हें अपनी फिल्म में लेने के लिए आतुर हैं।
वाशु भागनानी के प्रोडक्शन हाउस पूजा एंटरटेनमेंट के बैनर तले पिछली बार फिल्म बेल बॉटम रिलीज हुई। इस फिल्म में अक्षय कुमार ने मुख्य भूमिका निभाई। अब अक्षय के साथ वाशु दोबारा काम करने जा रहे हैं और उनकी नई फिल्म का नाम है सिंड्रेला। अक्षय इन दिनों अपनी इसी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। दूसरी तरफ वाशु, नीरू बाजवा और हिमांशी खुराना अभिनीत एक कॉमेडी पंजाबी फिल्म शिवा नी गिरधारी लाल भी लेकर आ रहे हैं।
कार्तिक निर्माता साजिद नाडियाडवाला की फिल्म सत्यनारायण की कथा में नजर आएंगे। वह साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म आला वैकुंठापुरामुलू के रीमेक शहजादा में काम कर रहे हैं। कार्तिक फिल्म धमाका और लुका छुपी 2 में नजर आएंगे। हंसल मेहता की फिल्म कैप्टन इंडिया में भी वह मुख्य भूमिका निभाएंगे। कार्तिक, एकता कपूर की फिल्म फ्रेडी से भी जुड़े हैं। वह भूल भुलैया के अलावा निर्देशक अनीस बाज्मी की एक अन्य फिल्म को लेकर भी सुर्खियों में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *