आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने की रुके केंद्रांश का भुगतान करने की मांग
चम्पावत। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने रुके केंद्रांश का भुगतान करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने दर्जा मंत्री कैलाश गहतोड़ी को ज्ञापन दिया है। कहा कि भुगतान नहीं होने से कार्यकत्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आंगनबाड़ी संगठन जिलाध्यक्ष मीना बोहरा और महामंत्री दीपा पांडेय के नेतृत्व में कार्यकत्रियों ने दर्जा मंत्री को ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि कार्यकत्रियों को नवंबर 2021 और मार्च व अप्रैल 2022 का केंद्रांश नहीं मिल सका है। मिनी कार्यकत्रियों का जून 2021 का केंद्रांश भी लंबित है। इसके अलावा उन्हें मानदेय भी नियमित तौर पर नहीं मिल पाता है। इससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि जुलाई 2021 के बाद टीएचआर और कुक्ड फूड की धनराशि भी अनियमित रूप से मिल रही है। वर्तमान में मार्च से जून का कुक्ड फूड और मई व जून का होम राशन उधार लेना पड़ा।
