OTHER NEWS

 एचबीटीयू के फाइनल ईयर का छात्र कोरोना संक्रमित,सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित करने की मांग

कानपुर

हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एचबीटीयू) के फाइनल ईयर का एक छात्र कोरोना संक्रमित पाया गया है। इसके बाद संस्थान के पश्चिमी कैंपस के हॉस्टल में रहने वाले छात्रों ने 17 तारीख से होने वाली सेमेस्टर परीक्षाएं स्थगित करने या ऑनलाइन आयोजित करने की मांग की है। उनका कहना है कि संक्रमित छात्र हॉस्टल में रहता है, इसलिए सभी छात्रों की जांच कराई जाए। हालांकि विवि प्रशासन का कहना है कि छात्र हॉस्टल में नहीं रहता है और परीक्षाएं निर्धारित तिथि पर शुरू होंगी।
बुधवार को अंतिम वर्ष के छात्र कुलपति प्रो. समशेर से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि अंतिम वर्ष का जो छात्र संक्रमित मिला है, वह कई अन्य छात्रों के भी संपर्क में था। वह भी कई बार हॉस्टल में रुकता था। हॉस्टल में सभी छात्र कामन टायलेट व वाशरुम का उपयोग करते हैं और मेस में साथ खाना खाते हैं। ऐसे में अगर अन्य छात्र संक्रमित हुए तो संक्रमण तेजी से फैलेगा। संक्रमित छात्र के संपर्क में भी कई छात्र छात्राएं आए थे। इसलिए सभी छात्रों की कोरोना जांच कराई जाए और परीक्षाएं स्थगित की जाएं या फिर ऑनलाइन आयोजित कराएं। यही नहीं, उन्होंने कहा कि कभी भी किसी छात्र की जान जा सकती है, इसके लिए विवि प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वार्डन से जांच कराने के लिए कहा तो उन्होंने सभी से क्वारंटाइन होने की बात कही। छात्रों ने कहा कि जब पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं स्थगित की गई हैं तो अंतिम वर्ष की भी स्थगित की जाएं। कुलपति प्रो.शमशेर ने बताया कि जो छात्र संक्रमित हुआ है,वह शहर का ही रहने वाला है और हास्टल में नहीं रहता है। इसलिए परीक्षाएं स्थगित नहीं होंगी। वह निर्धारित तिथि पर होंगी। इस दौरान कोविड नियमावली का पालन कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *