एनआईओएस डीएलएड शिक्षकों की सरकार को चेतावनी
देहरादून। एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षित संगठन ने सरकार से बेसिक शिक्षक भर्ती में मौका देने की मांग दोहराई। कहा कि यदि एनआईओएस डीएलएड के हितों के साथ खिलवाड़ हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। रविवार को मीडिया को जारी बयान में संगठन के अध्यक्ष नंदन सिंह बोहरा ने कहा कि हाईकोर्ट ने एनआईओएस डीएलएड को बेसिक शिक्षक भर्ती में शामिल करने का आदेश दिया है। इस मामले में कार्यवाही करने के बजाए शिक्षा विभाग हीलाहवाली करता आ रहा है। पहले सरकार ने कहा था कि विभाग अपने स्तर से इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट नहीं जाएगा। लेकिन बाद में इसकी मंजूरी दे दी गई। एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षित भी बेसिक शिक्षक भर्ती के लिए पूरी योग्यता रखते हैं। यदि उनके हितों की अनदेखी हुई तो सभी प्रशिक्षित परिवार सहित आंदोलन करेंगे।
