केदारनाथ पैदल मार्ग से बर्फ हटाने का काम शुरू

रुद्रप्रयाग। 25 अप्रैल से शुरू हो रही इस वर्ष की केदारनाथ धाम की यात्रा को सुगम बनाने के लिए यात्रा से जुड़े विभागों द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। डीडीएमए लोनिवि द्वारा 25 कार्मिकों की तैनाती करते हुए बर्फ हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर संबंधित विभागों द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाएं एवं तैयारियां समय पर पूरी हों इसके लिए सबसे पहले पैदल मार्ग को आवाजाही के लिए तैयार किया जा रहा है। डीडीएमए को यात्रा मार्ग से बर्फ हटवाने के लिए तेजी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्ग पर कई जगहों पर अधिक बर्फ होने के कारण टीम को मुश्किलें भी उठानी पड़ सकती है। डीडीएमए के अधिशासी अभियंता प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों पर केदारनाथ यात्रा मार्ग में बर्फ हटाने का कार्य आज सोमवार से शुरू कर दिया गया है। इस कार्य के लिए 25 कार्मिकों की तैनाती की गई है जबकि यात्रा मार्ग एवं धाम में बर्फ हटवाने के लिए निरंतर कार्मिकों की बढ़ोतरी करते हुए 5 मार्च तक यात्रा मार्ग एवं धाम से बर्फ हटाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *