कोरोना मृतकों के परिजनों को मिले मुआवजा
रुडकी। कोविड में जान गंवाने वाले गन्ना किसानों के परिजनों को प्रदेश सरकार की ओर से मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर लिब्बरहेडी गन्ना समिति सभापति के प्रतिनिधि एवं संचालक मंडल के सदस्य सुशील राठी ने गन्ना मंत्री स्वामी यतीश्वनांद से मुलाकात की। गन्ना मंत्री को पत्र देकर बताया कि कोरोना महामारी में बहुत से गन्ना किसानों ने अपनी जान गंवा दी है, जिस कारण उनके परिजनों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए उनकी आर्थिक मदद की जानी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि गन्ना मंत्री ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही समाधान का आश्वासन दिया है। साथ ही कहा है कि वह इस विषय में मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे। ताकि किसानों को उचित मुआवजा दिए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
