STATE NEWS

डांगचौरा बगीचा-मुंडोली मार्ग की हालत खराब

श्रीनगर गढ़वाल। लोनिवि कीर्तिनगर के अंतर्गत डांगचौरा बगीचा-मुंडोली मार्ग की खस्ताहाल स्थिति से लोग परेशान हैं। करीब 8 किमी. के दायरे में रोड जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से आवाजाही में भारी दिक्कतें हो रही हैं। लोगों का कहना है कि पूर्व में यह मार्ग पीएमजीएसवाई के अधीन था, जिसकी मरम्मतीकरण की ओर ध्यान न दिए जाने से यह स्थिति बनी हुई है। डांगचौरा बगीचा-मुंडोली मोटर मार्ग से कड़ाकोटी, मुंडोली, सेमली, सिरोला, जोगीमड़ी, गुरूछोली, गौंली आदि गांव लाभान्वित होते हैं। पूर्व में यह मार्ग पीएमजीएसवाई के अधीन था, लेकिन अब कुछ माह पूर्व यह लोनिवि कीर्तिनगर को हस्तांतरित हो गया है। पूर्व में कई बार लोगों की ओर से विभाग से इस मार्ग के सुधारीकरण की मांग की गई। बावजूद अभी तक इसकी खस्ताहाल स्थिति बनी हुई है। पूर्व ग्राम प्रधान गौंली मनोज कुमार, पाटाखाल के संजय उनियाल का कहना है कि मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हुए हैं तथा पूरे मार्ग पर डामर उखड़ गई है। उन्होंने लोनिवि कीर्तिनगर से उक्त मार्ग के डामरीकरण कराए जाने की मांग की है। लोनिवि कीर्तिनगर के अधिशासी अभियंता डीपी आर्य का कहना है कि मार्ग के सुधारीकरण का स्टीमेट शासन को गया हुआ है। बजट मिलते ही मार्ग के सुधारीकरण का कार्य करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *