डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने के नाम पर खाते से एक लाख रुपये की ठगी
कानपुर
डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने के नाम पर साइबर ठगों ने हैलट में असिस्टेंट प्रोफेसर की पत्नी व विपणन निरीक्षक के खाते से एक लाख रुपये पार कर दिए। स्वरूप नगर थाने में अज्ञात नम्बर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
न्यू मैरिड हॉस्टल हैलट निवासी डॉ. अभिषेक कुमार हैलट के जनरल सर्जरी डिपार्टमेंट में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। उनकी पत्नी प्रियंका जायसवाल विपणन निरीक्षक हैं। प्रियंका के मुताबिक, 28 अगस्त को वह सर्च इंजन पर लखनऊ के न्यूरो सर्जन डॉक्टर वत्सल का अपॉइंटमेंट लेने का प्रयास कर रही थीं। इस दौरान उनके फोन पर 720….961 नम्बर से कॉल आई। फोन करने वाले ने अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए एक लिंक दिया और उस पर दस रुपये का ट्रांजेक्शन करने के लिए कहा। दस रुपये भेजने के बाद उसने कुछ और बैंक डिटेल मांगी। प्रियंका के मुताबिक,शक होने पर ओटीपी और पिन की जानकारी नहीं दी। फोन कटने के कुछ मिनट बाद ही छह बार में उनके यूनियन बैंक खाते से एक लाख रुपये निकल गए। प्रियंका ने बताया कि उन्होंने बैंक का खाता ब्लॉक करा दिया है। उनकी तहरीर पर स्वरूप नगर थाने में आईटी एक्ट की 66 डी धारा में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
