प्रगतिशील जन मंच के आंदोलन को विभिन्न संगठनों का मिला समर्थन
श्रीनगर गढ़वाल। प्रगतिशील जन मंच की ओर से विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन को महानगर महिला कांग्रेस, सेवादल और किसान यूनियन ने सर्मथन दिया है। इस मौके पर किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष कलम सिंह नेगी ने कहा कि जन मंच का आंदोलन जन समस्याओं के समाधान के लिए चल रहा है। यदि सरकार मांगों के समाधान को लेकर जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है, तो आंदोलन को तेज करने के लिए किसान नेता राकेश टिकैत को श्रीनगर आएंगे। पीपलचौरी में बुधवार को प्रगतिशील जन मंच का धरना 12वें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर महानगर महिला कांग्रेस कमेटी श्रीनगर की अध्यक्ष विनोद मैठाणी, सेवादल अध्यक्ष संजय कुमार फौजी व किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष कलम सिंह नेगी ने पहुंचकर आंदोलन को सर्मथन दिया। कहा जनमंच सुमाड़ी में एनआईटी के स्थाई परिसर का निर्माण कार्य शुरू करने, केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि और बजट स्वीकृत किए जाने, उप जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए आवासों का निर्माण, अलकनंदा नदी में अवैध खनन को बंद करने, पानी के मीटरों को हटाने व श्रीनगर जल विद्युत परियोजना की झील से बरसात के बाद नदी में पर्याप्त पानी छोड़े जाने आदि मांगों के समाधान को लेकर आंदोलनरत है। निवर्तमान पालिकाध्यक्ष श्रीनगर पूनम तिवाड़ी ने कहा कि सरकार ने नगर पालिका का विस्तार कर जिन गांवों को निगम क्षेत्र में शामिल किया है, उन्हें सभी कार्यों के लिए विकासखंड खिर्सू जाना पड़ रहा है। कहा सरकार लोगों को गुमराह करने के सिवाय कुछ काम नहीं कर रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर श्रीनगर की उपेक्षा का आरोप लगाया। जनमंच के अध्यक्ष अनिल स्वामी ने कहा कि आगामी 18 सितंबर को अंकिता हत्याकांड की पहली बरसी पर आंदोलन स्थल में एक जनसभा आयोजित की जाएगी। जिसमें अंकिता को श्रद्धांजलि दी जाएगी। मौके पर अमूल चंदोला, हरीश पंवार, पीवी डोभाल, दरम्यान सिंह पंवार, कमला देवी, वेदांशी, गिन्नी देवी, रजनी देवी, सोनम पटेल आदि मौजूद रहे।
