सोनाक्षी स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्सफिट ने जीते मुकाबले
देहरादून। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट लीग में सोनाक्षी स्पोर्ट्स और स्पोट्सफिट बाई एमएसडी ने अपने-अपने मुकाबले जीते। डीआईएमएस यूनिवर्सिटी ग्राउंड में गुरुवार को पहला मैच खेला गया। इसमें सोनाक्षी स्पोर्ट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 37.4 ओवरों में 171 रन का स्कोर खड़ा किया। अमन प्रताप सिंह ने सर्वाधिक 55 रनों की पारी खेली। वहीं सैफ अली ने 44, अमित शर्मा ने 18 रनों का योगदान दिया। गैलेंट क्रिकेट क्लब सोसाइटी की ओर से अश्विन ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गैलेंट क्रिकेट क्लब सोसायटी 38 ओवर में 139 रन बनाकर ऑल आउट हो गया। गैलेंट के लिए विपिन ने सर्वाधिक 38 रन बनाए। सोनाक्षी स्पोर्ट्स ने 32 रन से जीत दर्ज की। आयुष क्रिकेट अकादमी में ए-3 स्पोर्ट्स क्लब और स्पोर्ट्सफिट बाई एमएसडी के बीच दूसरा मैच हुआ। ए-3 स्पोर्ट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 33 ओवर में दस विकेट खोकर 175 रन का लक्ष्य दिया। इसमें पारितोष ने सर्वाधिक 36 रन बनाए। स्पोर्ट्सफिट की ओर से दीपक ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पोर्ट्सफिट ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर एक विकेट खोकर 21वें ओवर में ही मैच जीत दिया। टीम के लिए आयुष ने 65, अभिमन्यु ने 57 और सौरभ ने 49 रनों की पारी खेली। स्पोर्ट्स फिट नौ विकेट से मुकाबला जीता।
