बाढ़ से क्षतिग्रस्त नहर की मरम्मत की मांग
देहरादून। बालावाला क्षेत्र के लोगों ने कलिंगा नहर की मरम्मत करने की मांग की है। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य धनवीर राणा ने बताया कि बीस अगस्त को आई बाढ़ से कलिंगा नहर कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी। नहर में कुछ जगह मलबा भरा हुआ है, जिस कारण नथुवावाला, बालावाला, मियांवाला, नकरौंदा, हर्रावाला, नेहरूग्राम क्षेत्र के लोगों को धान की फसल के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। जिससे फसल खराब होने के आसार हैं। उन्होंने शीघ्र ही सिंचाई विभाग से नहर को दुरुस्त करने की मांग की है। यह भी बताया कि धान की फसल पर कीटों का प्रकोप चल रहा है, किसान कीटनाशक का छिड़काव नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि कीटनाशक के छिड़काव के बाद पानी की जरूरत होती है।
