मारपीट, जान से मारने की धमकी व एससी एसटी एक्ट में दो लोगों पर केस दर्ज
विकासनगर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पुल नंबर एक के समीप दो लोगों ने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। जिस पर युवक ने इन दोनों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी व जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज कराया है। संदीप पुत्र भगतराम निवासी पुल नंबर एक ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में बताया कि वह दिन में स्कूटर पर सवार होकर खाना खाने अपने घर जा रहा था। तभी पुल नंबर एक के पास कार सवार साहिल व राजा मलिक पहुंच गये। दोनों ने उसे जौनसारी कहकर गाली गलौज दी। उसके बाद दोनों कार से उतरे और उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उसे जाति सूचक शब्द कहकर गालियां दी। जान से मारने की धमकी दी। उसके गले की चांदी की चेन भी तोड दी। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी व एससी एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
