लाखों की चोरी के मामले में एक सप्ताह बाद भी नहीं हुआ केस दर्ज

रुड़की

कस्बा मंगलौर के मोहल्ला पठानपुरा में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है, जिससे पीड़ित परिवार पुलिस चौकी के चक्कर काटने को मजबूर है। कस्बे के पठानपुरा निवासी शाहिद 13 जून की सुबह किसी काम से बाहर गए हुए थे। करीब 11 बजे उनकी पत्नी भी बच्चों को लेकर अपने भाई के घर चली गईं। इसी बीच बंद मकान का फायदा उठाकर चोरों ने दिनदहाड़े घर में धावा बोल दिया था। चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 46 हजार रुपये नकद, सोने का लॉकेट, कानों के कुंडल, चार चांदी के कंगन, एक जोड़ी पायजेब और दो जोड़ी पायल समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। जब शाहिद और उनकी पत्नी वापस घर लौटे, तो टूटी हुई अलमारी और बिखरा हुआ सामान देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने तुरंत मामले की तहरीर पुलिस चौकी में दी थी। पीड़ित का आरोप है कि करीब तीन लाख रुपये की चोरी की वारदात होने के बावजूद पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। तहरीर दिए जाने के बाद भी अब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। इंस्पेक्टर भगवान महर ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *