सरकार के विकास कार्यों से कांग्रेस में बौखलाहट: पुंडीर  

विकासनगर

विधान सभा चुनाव से पूर्व सहसपुर क्षेत्र के प्रत्येक गांव में यातायात की बेहतर सुविधा मुहैया करा दी जाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार हो रहा है। पूरे प्रदेश में रहे विकास को देखते हुए विपक्षी दल कांग्रेस में बौखलाहट पैदा हो गई है। ये बातें सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने राजावाला में कही। बुधवार को विधायक पुंडीर ने राजावाला में विधायक निधि से बनने वाली सड़क का शिलान्यास किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों से कांग्रेस में बौखलाहट पैदा हो गई है। जिससे कांग्रेस नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। सहसपुर विधान सभा में हर गांव को सड़क से जोड़ दिया गया है। पुरानी सड़कों का सुधारीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सहसपुर ब्लॉक के सभी सरकारी विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती की गई है। सरकारी विद्यालयों को संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार ने गांवों और शहरों में समावेशी विकास किया है। हर वर्ग के लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए सरकार ने कई योजनाएं संचालित की हैं, जिनका लाभ पात्र लोगों को मिल रहा है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष सुखदेव फर्सवाण, अशोक वशिष्ठ, विरेंद्र फर्सवाण, यशपाल नेगी, बालम सिंह बिष्ट, कविता छेत्री, हरीश चौहान, बल बहादुर थापा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *