खंबा खाल के लोग 20 डीएम कार्यालय में देंगे धरना
नई टिहरी। प्रतापनगर ब्लॉक के उपली रमोली पट्टी के ग्राम खंबा खाल के स्थानीय लोगों ने डीएम डा. सौरभ गहरवार को ज्ञापन देकर उनकी शिकायत पर ध्यान न दिए जाने को लेकर आगामी 20 फरवरी से डीएम कार्यालय में धरना देने की चेतावनी दी गई है। शशिभूषण भट्ट, सुरेंद्र प्रसाद सेमवाल, हरि प्रसाद भट्ट, भवानी शंकर भट्ट आदि ने ज्ञापन के माध्यम से डीएम को अवगत कराया है कि बीती 12 दिसंबर, 2022 को जनता दर्शन कार्यक्रम में ग्राम खंबा खाल में विकास कामों में अनियमितताओं को लेकर शिकायत पत्र सौंपा गया। जिसे लेकर विकास विभाग के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। लेकिन अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से न लेते हुए जांच में कोताही बरतते हुए खानापूर्ति की। जबकि मूल शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया। कार्रवाई न होने से खफा लोगों ने आगामी 20 फरवरी से डीएम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी देते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा है।
