Friday, October 16, 2026
STATE NEWS

प्रदेश सरकार आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम  : कांग्रेस

देहरादून। कांग्रेस ने सरकार पर आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम रहने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने कहा है कि सरकार के किसी भी मंत्री ने आपदा को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई, बाढ़ प्रभावित हरिद्वार के प्रभारी, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री सतपाल महाराज इस दौरान प्रदेश से बाहर बने हुए हैं। कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में करन माहरा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, हरिद्वार जिले का बड़ा भू भाग जलमग्न हो गया है। लेकिन सरकार के मोर्चे पर कोई गंभीरता नजर नहीं आ रही है। हरिद्वार जिले में लोगों को समय रहते अलर्ट तक नहीं किया गया। माहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री तक उनके दौरे के बाद बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंचे हैं। जबकि हरिद्वार जिले के प्रभारी मंत्री प्रदेश से बाहर बने हुए हैं। जबकि उनके पास सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग भी है। माहरा ने आरोप लगाया कि किसी भी मंत्री ने आपदा पीड़ितों की सुध नहीं ली है, ऐसा लगता है कि सरकार का मंत्रियों पर कोई नियंत्रण नहीं है। माहरा ने कोटद्वार पुल टूटने की घटना पर कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी के बयान से सरकार की पोल खुल गई है। उन्होंने का कि गत वर्ष सरकार ने पुलों का ऑडिट करवाया था, जिसमें कमजोर पाए गए पुलों को बचाने के लिए कोई उपाय नहीं किए गए। कोटद्वार का पुल भी इसमें शामिल था। उन्होंने कहा कि सरकार ने कई मामले में दोषी अधिकारियों को बचाया है, इसलिए इस बार भी कोई कार्यवाही होगी, इस पर सवालिया निशान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *