सिलक्यारा मिशन में सीएम ने ग्राउंड जीरो में रहकर की मेहनत: बंशीधर भगत
हल्द्वानी
विधायक बंशीधर भगत ने उत्तरकाशी सिलक्यारा टनल में 12 नवम्बर से फंसे 41 मजदूरों को सकुशल बाहर निकालने पर रेस्क्यू अभियान में जुड़ी राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय एजेंसियों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्पण की बदौलत मजदूरों के घरों पर त्योहार जैसा माहौल है। 17 दिनों तक पूरी ताकत से किए गए प्रयासों के लिए पीएम मोदी व मुख्यमंत्री धामी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राउंड जीरो में रहकर मेहनत की। विधायक भगत ने सभी एजेंसियों की सराहना करते हुए कहा उन्होंने मजदूरों को अपने परिवार का सदस्य मानते हुए रात दिन अपनी पूरी ऊर्जा उनका जीवन बचाने में लगा दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे। मुख्यमंत्री अपनी रेस्क्यू टीमों की सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए उत्तरकाशी में ही लगातार कैंप कर रहे। पूरी दुनिया की नजरें इस रेस्क्यू पर टिकी थीं। भगत ने कहा , सिलक्यारा टनल रेस्क्यू ऑपरेशन की सफलता की खबरें आज पूरी दुनिया में छाई हुई हैं।
