देश को 2024 में फिर से पीएम मोदी की जरूरत: जेपी नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के साथ गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि मुझे विश्वास है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में हम न सिर्फ जीतेंगे बल्कि पहले से ज्यादा सीटें भी हासिल करेंगे। गुजरात में हम सभी 26 सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में गांधीनगर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय का उद्घाटन करना गुजरात के सभी हिस्सों में विकास सुनिश्चित करने की हमारी पार्टी की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। हम गुजरात को प्रथम रखना चाहते हैं और पीएम मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में हम भारत को प्रथम बनाना चाहते हैं!
नड्डा ने कहा कि इस देश के सांस्कृतिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और राजनीतिक विरासत में गुजरात प्रदेश का एक अनूठा योगदान है। आजादी की लड़ाई से लेकर आजाद भारत में भी गुजरात का एक विशेष योगदान रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का संबंध भी गुजरात के पोरबंदर से था। वहीं, इस देश को एक सूत्र में पिरोने का काम सरदार वल्लभ भाई पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि आज विकसित भारत को आगे बढ़ाने का काम, सक्षम बनाने का काम, स्वाभिमान से ओत-प्रोत बनाने का काम, देश की विरासत को स्वाभिमान से आगे बढ़ाने का काम… अगर किसी ने किया है तो इस देश के सपूत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी ने देश की राजनीति की संस्कृति को बदल डाला है, क्योंकि 70 साल तक कांग्रेस पार्टी ने राजनीति जाति के आधार पर की। भाई को भाई से बांटकर की, सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने कहा कि भारत में सिर्फ 4 जातियां हैं- गरीब, युवा, किसान और महिलाएं। जबकि कांग्रेस ने वोटबैंक के लिए जातियों में बांट दिया था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जी के नेतृत्व में भारत तेज गति से विकास कर रहा है। 2014 में अर्थव्यवस्था में हम 11वें नंबर पर थे, आज हम ब्रिटेन को पछाड़कर 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बन गए हैं।
नड्डा ने कहा कि हमारी सरकार की पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, एक ऐसी योजना जिसका कांग्रेस पार्टी ने मजाक उड़ाया था, आईएमएफ जैसे अंतरराष्ट्रीय संगठनों द्वारा इसकी सराहना की जा रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाने और चिल्लाने के अलावा कुछ नहीं किया और केवल भाजपा ने ही सही मायने में विकास सुनिश्चित किया है। आज, लगभग 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है, और ‘अंत्योदय’ को एक मिशन और विजन के रूप में, भारत अभूतपूर्व परिवर्तन देख रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे में हमारे देश को 2024 में फिर से पीएम मोदी की जरूरत है! इस प्रकार, हमारे देश को 2024 में फिर से भाजपा की आवश्यकता है! यदि हम 2047 तक ‘विकसित भारत’ के निर्माण के सपने को साकार करना चाहते हैं, तो हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि 2024 में ‘कमल’ फिर से खिले!