Friday, October 16, 2026
STATE NEWSUTTARAKHAND

छह माह से वेतन नहीं मिलने पर भड़कीं शिक्षिकाएं  

रुद्रपुर

श्री गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं और कर्मियों को 6 माह से वेतन नहीं मिला है। आखिर शिक्षिकाओं के सब्र का बांध टूट गया और भड़क गईं। विद्यालय की शिक्षकाओं व कर्मियों ने मंगलवार को वेतन भुगतान की मांग को लेकर डीएम और जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) को ज्ञापन सौंपा है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा मैनेजमेंट के विवाद के बाद मामला कोर्ट में चल रहा है, इस कारण वेतन देने में विलंब हो रहा है। शिक्षकाओं तथा कर्मियों ने जिला शिक्षा अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते उन्हें दिसंबर 2023 से 2024 तक छह माह से वेतन नहीं मिला है। इससे शिक्षकाओं के परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। बच्चों की फीस, गृह ऋण, पर्सनल लोन तथा स्वास्थ्य संबंधी खर्च उठाने में असमर्थ हैं। शिक्षिकाओं ने बताया कि वेतन की मांग को लेकर इससे पहले भी प्रशासनिक तथा विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया गया था। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम उदयराज सिंह से वेतन दिलाने की मांग की। इसके बाद उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से गुहार लगाई।
ये शिक्षिकाएं रहीं मौजूद :
इस दौरान माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मिश्रा, जिला अध्यक्ष अजय कौशिक, महामंत्री मनोज शर्मा, कोषाध्यक्ष रविंद्र कुमार चौहान, शोभा गहलोत, अल्पना, गीता, इंदू पांडे, रीता जोशी, कुलदीप कौर, कविता, निमिषा, दीपा विद्यार्थी, नीतू, परमजीत कौर, सरबजीत, रंजीत, मोनिका, अंजलि आदि शिक्षिकाएं व कर्मी शामिल रहे।
इन्सेट-
वेतन के मांग को लेकर गुरुनानक बालिका इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं ने शिकायत की है। कॉलेज में मैनेजमेंट का विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में चल रहा है। इस समय विद्यालय में प्रबंधक नहीं हैं। कंट्रोलर की नियुक्ति नहीं की जा सकती है। ऐसी स्थिति में वेतन मिलना नामुमकिन है। कोर्ट के डिसीजन के बाद ही आगे की कार्रवाही अमल में लाई जा सकती है।   -डीएस राजपूत, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *