Friday, October 16, 2026
UTTARAKHAND

जिलाधिकारी ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का किया औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार देर रात जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली और कार्यों को प्रभावी तथा त्वरित ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के लिए स्थापित नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने प्राप्त हो रही शिकायतों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली सभी सूचनाओं और शिकायतों का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाए तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *