अल्पसंख्यक कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, केंद्र-राज्य समन्वय पर जोर

नई दिल्ली/बेंगलुरु।
अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव डॉ. श्रीवत्स श्रीकृष्णा ने गुरुवार को कर्नाटक सरकार के साथ मंत्रालय की विभिन्न प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (PMJVK), पीएम विकास योजना, छात्रवृत्ति योजनाएं, ‘उम्मीद’ सहित सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण और अवसंरचना विकास से जुड़ी पहलों के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कर्नाटक सरकार की सचिव डॉ. शामला इकबाल ने राज्य में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की योजनाओं के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं और उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इस अवसर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, परियोजनाओं में गति लाने तथा लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष चर्चा हुई।

डॉ. श्रीवत्स श्रीकृष्णा ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित एवं प्रगति पर चल रही परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य सरकार को मंत्रालय की योजनाओं के अंतर्गत नवाचार आधारित और प्रभावी नई परियोजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, अवसंरचना निर्माण और कल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों के समावेशी विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच मजबूत समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में संयुक्त सचिव श्री राम सिंह एवं  श्यामा प्रसाद रॉय, निदेशक  नेहा गिरी सहित अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और कर्नाटक सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *