पुलिस ने चलाया सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता कार्यक्रम

हरिद्वार

सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सोमवार को पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न नष्ट कर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। शंकराचार्य चौक पर आयोजित सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट बांटते हुए हमेशा हेलमेट पहनकर वाहन चलाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट के प्रयोग से काफी हद तक रोका जा सकता है।
इस दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन में जब्त किए गए रेट्रो साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर रोड रोलर चलाकर उन्हें नष्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे साइलेंसर और हॉर्न ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ आमजन को भी परेशान करते हैं। कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उपलब्ध कराई गई सात मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन मोटरसाइकिलों के जरिए पुलिस किसी भी सूचना पर तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी। एसएसपी नवनीत सिंह ने लोगों से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने, सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। इस अवसर पर एसपी क्राइम रेखा यादव, सीओ ट्रैफिक, कनखल एसएचओ समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *