रायपुर में दून पुलिस की नशा तस्करों पर सर्जिकल स्ट्राइक, 6.75 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
देहरादून
ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत दून पुलिस की नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। रायपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6.75 ग्राम स्मैक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 3 सितंबर की रात थाना रायपुर पुलिस की टीम स्टेडियम रोड क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 6.75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान राशिद पुत्र इसफाक, निवासी भगत सिंह कॉलोनी, गली नंबर-5, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक उसे कहां से मिली और वह इसे किन लोगों तक पहुंचाने वाला था। पुलिस उसके संपर्कों और नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
बरामदगी: 6.75 ग्राम स्मैक, अनुमानित कीमत दो लाख रुपये।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक सिंह पंवार, चौकी प्रभारी मालदेवता, कांस्टेबल मुकेश सेमवाल और कांस्टेबल संदीप शामिल रहे।
