Friday, October 16, 2026
SPORTS

टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने शाकिब अल हसन

दुबई ।

बंगलादेश के अनुभवी लेफ्ट आर्म स्पिनर शाकिब अल हसन टीम के आईसीसी टी-20 विश्व कप 2021 के ओपनिंग मैच में स्कॉटलैंड के माइकल लेस्क का विकेट लेने के साथ ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए।
उन्होंने विकेट लेने के मामले में श्रीलंका के दिग्गज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 107 विकेट लिए हैं। 89 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में शाकिब के नाम अब 108 विकेट हैं। उल्लेखनीय है कि जब उन्होंने इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना 100वां विकेट लिया तब वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में एक हजार रन बनाने और 100 विकेट लेने वाले पहले क्रिकेटर बने थे।
शाकिब हाल ही में आईसीसी की टी-20 अंतरराष्ट्रीय ऑलराउंडरर्स रैंकिंग में नंबर एक स्थान पर पहुंचे थे। इसके साथ ही वह वनडे ऑलराउंडर्स सूची में शीर्ष स्थान पर बरकरार हैं। इस साल जुलाई में शाकिब मुशरफे मुर्तजा को पीछे छोड़ते हुए वनडे मैचों में बंगलादेश के सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे। मुर्तजा के पास 269 वनडे विकेट हैं, जबकि शाकिब 277 विकेट ले चुके हैं। शाकिब पहले से ही टेस्ट में बंगलादेश के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। वह छह हजार से अधिक रन बनाने और वनडे मैचों में 250 से अधिक विकेट लेने वाले विश्व भर के चार ऑलराउंडर्स में शामिल हैं।
टी-20 क्रिकेट में वह वर्तमान में ओवरऑल विकेट चार्ट पर छठे स्थान पर हैं। उन्होंने 346 मैचों में 388 विकेट लिए हैं। वह टी-20 क्रिकेट में दुनिया के चौथे ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनके नाम पांच हजार रन सहित 300 विकेट और 50 कैच हैं। इस सूची में वेस्ट इंडीज के कीरोन पोलार्ड, ड्वेन ब्रावो और आंद्रे रसेल शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *