Friday, October 16, 2026
FILMI GALIYA

अगले साल के लिए टल गई फिल्म सैम बहादुर और टाइगर 3 की शूटिंग?

पिछले काफी समय से विक्की कौशल जहां फिल्म सैम बहादुर को लेकर सुर्खियों में हैं, वहीं, कैटरीना कैफ फिल्म टाइगर 3 को लेकर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इन दोनों ही फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है, लेकिन अब जो खबर आ रही है, उससे बेशक इन फिल्मों की राह देख रहे दर्शकों का दिल टूट जाएगा। दरअसल, दोनों ही फिल्मों की शूटिंग अगले साल तक के लिए टाल दी गई है।
सैम बहादुर की शूटिंग पहले इसी साल शुरू होने वाली थी, लेकिन सूत्रों को मिली जानकारी के मुताबिक, अब इसकी शुरुआत अगले साल होगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि कैटरीना भी फिल्म टाइगर 3 की शूटिंग अब अगले साल करेंगी। दोनों ने ही अपने काम से ब्रेक ले लिया है। कैटरीना और विक्की अपनी शादी की तैयारी में लग गए हैं, जो दिसंबर में होने वाली है। वे इस बीच फिल्मों से जुड़ा कोई काम नहीं करेंगे।
बॉलीवुड गलियारों में जल्द ही शहनाइयों की गूंज सुनाई देने वाली है। कैटरीना कैफ और विक्की कौशल के अफेयर की चर्चाओं के बाद अब उनके जल्द ही शादी करने की खबरें सामने आ रही हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों की शादी राजस्थान में रणथंभौर नेशनल पार्क से सिर्फ 30 मिनट की दूरी पर सवाई माधोपुर में स्थित एक किले में होगी, जिसका नाम सिक्स सेंस फोर्ट बरवाड़ा है। खबर है कि शादी दिसंबर के पहले हफ्ते में होगी।
विक्की ने एक हालिया इंटरव्यू में कहा था, जितनी भी अफवाहें उड़ती हैं, वो मीडिया के कारण होता है। जब सही समय आएगा, तो हम सगाई कर लेंगे। उन्होंने आगे हंसते हुए कहा, इस तरह की खबरें आपके दोस्त ही फैलाते हैं। उनका भी टाइम आएगा। विक्की ने यह तो नहीं बताया कि वह कैटरीना से सगाई करने वाले हैं, लेकिन उन्हें यह बताने की जरूरत नहीं, क्योंकि कैटरीना के साथ उनकी बढ़तीं नजदीकियों से बॉलीवुड का बाजार गर्म है।
सैम बहादुर फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ के जीवन पर आधारित है। मेघना गुलजार फिल्म की निर्देशक हैं। फिल्म से विक्की का लुक भी सामने आ चुका है। सैम मानेकशॉ पहले भारतीय सेना अधिकारी थे, जिन्हें फील्ड मार्शल के पद पर पदोन्नत किया गया था। बात करें टाइगर 3 की तो यह टाइगर फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, जिसमें सलमान खान और कैटरीना साथ नजर आएंगे। मनीष शर्मा के निर्देशन में बन रही टाइगर 3 में इमरान हाशमी विलेन बने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *