हर्षवर्धन श्रृंगला दो दिवसीय बंगलादेश यात्रा पर ढाका पहुंचे
ढाका ।
भारतीय विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला बंगलादेश की दो दिवसीय यात्रा पर मंगलवार सुबह ढाका पहुंचे। श्रृंगला भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से ढाका पहुंचे। बंगलादेश में उनके समकक्ष मसूद बिन मोमेन ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।
भारतीय विदेश सचिव अपनी यात्रा के पहले दिन आज अपने समकक्ष के साथ बातचीत करेंगे। इसके बाद वह विदेश मंत्री एके अब्दुल मोमेन, सडक़ परिवहन और पुल मंत्री और अवामी लीग के महासचिव अब्दुल कादर से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे। वह बुधवार को प्रधानमंत्री शेख हसीना से शिष्टाचार भेंट करेंगे और इसी दिन दिल्ली लौटेंगे।
गत 26 मार्च के बाद श्रृंगला की यह दूसरी बंगलादेश यात्रा है। उस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बंगबंधु की जन्म शताब्दी और बंगलादेश की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती में भाग लेने के लिए यहां आये थे। बंगलादेश के विदेश सचिव ने बताया कि भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 15 दिसंबर को बंगलादेश की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लेने के लिए ढाका पहुंचेंगे।
