ऋषिकेश में अव्यवस्थाएं हावी, कूड़ेदान गायब
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश में अव्यवस्थाएं हावी हैं। यहां आसामाजिक तत्व सक्रिय हो गए हैं। इनकी वजह से क्षेत्र की छवि धूमिल हो रही है। हाल ही में कुंभ बजट से गंगा घाटों और अन्य जगहों पर लगे शोभादार कूड़ेदान गायब होने लगे हैं। इन दिनों कुंभ चल रहा है। कुंभ क्षेत्र होने के कारण ऋषिनगरी में कई कार्य किए गए हैं। इसी के तहत गंगा घाटों व अन्य जगहों पर करीब 519 कूड़ादान लगाए गए थे। अभी कुंभ समाप्त भी नहीं हुआ है। लेकिन कई जगहों से कूड़ेदान गायब हो गए हैं। त्रिवेणीघाट और आस्थापथ पर प्रतिदिन पर्यटकों सहित सैकड़ों लोग आते हैं। इसको लेकर यहां भी कई जगहों पर कूड़ादान लगाए गए थे। मगर इन कूड़ादानों को चोर उड़ा ले गए। उधर, नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल ने बताया कि कुंभ बजट से क्षेत्र में 519 कूड़ादान लगे हैं। अगर कोई कूड़ादान चोरी हुआ है तो इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की नाक के नीचे कूड़ेदान चुरा ले गए चोर: त्रिवेणीघाट पर पुलिस चौकी के पास से ही कूड़ादान गायब हैं। त्रिवेणीघाट पर बैंच समेत दूसरे सामान की चोरी आम बात हो गई है। स्नानार्थियों को अपने सामान की चोरी का डर सताता रहता है।
