UTTARAKHAND

कोरोना टेस्ट कराने वालों का दबाव बढऩे से रही अव्यवस्था हावी

ऋषिकेश

तीर्थनगरी ऋषिकेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। जांच को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। शनिवार को टेस्ट कराने वालों का दबाव बढऩे से अव्यवस्था हावी रही। हैरत की बात यह है लोगों की भीड़ को काबू में करने के इंतजाम नहीं थे। ऐसे में दो गज की दूरी की धज्जियां उड़ती नजर आईं। कोरोना संक्रमण की चेन तोडऩे के दावे हवाई साबित हो रहे हैं। सरकारी अस्पताल में कोरोना टेस्ट के दौरान बदइंतजामी देखने को मिली। खुले आसमान के नीचे कोरोना जांच हो रही है। धूप और बारिश से बचाव के इंतजाम नहीं है। बीते तीन दिन से जांच कराने वालों का दबाव बढ़ा है। ऐसे में लोग छाया की तलाश में जहां-तहां खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। पंजीकरण का जिम्मा दो कर्मियों पर होने के कारण विलंब होता है। इस स्थिति में पहले पंजीकरण कराने की होड़ में लोग दो गज की दूरी बनाने की अनिवार्यता भूल जाते हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा बना है। टेस्ट कराने आए जागरूक लोगों ने अस्पताल प्रशासन से अव्यवस्था से बचाव को एक और पंजीकरण काउंटर लगाने और व्यवस्था बनाने के लिए एक होमगार्ड जवान की ड्यूटी लगवाने की मांग की है। शनिवार को टेस्ट कराने आए लोग बदइंतजामी से आक्रोशित हुए।
कोरोना जांच कराने को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। जितनी ज्यादा जांच होगी उससे कोरोना का प्रभाव कम होगा। जांच स्थल पर व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए दो होमगार्ड की ड्यूटी लगायी जाएगी। – डा. विजयेश भारद्वाज, सीएमएस, सरकारी अस्पताल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *