प्रदेश में न तो बेड,न आक्सीजन और न ही वेंटीलेटर:-आप
लखनऊ
यूपी में कोरोना के मरीजों के लिए न तो बेड है न आॅक्सीजन और न ही वेंटिलेटर लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार झूठ पर झूठ बोले जा रहे हैं। इस तरह योगी प्रदेश की जनता के साथ धोखा कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और लखनऊ जिला अध्यक्ष वैभव माहेश्वरी ने मंगलवार को योगी सरकार पर यह आरोप लगाते हुए कहा कि योगी कोई एक नंबर बता दें जो उठता हो और उससे लोगों को मदद मिलती हो। वैभव ने कहा कि सूबे के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह के प्रभार वाले जिले का ही हाल बेहाल है। यहां एल 1 हॉस्पिटल के कमरा नम्बर 122 में भर्ती मरीज अंजू बरनवाल की हालत बिगड़ी और आॅक्सीजन लेवल 35 पर पहुंच गया। मरीज के पति ने सीएमओ के सीयूजी नंबर पर बार-बार फोन मिलाया, लेकिन सीएमओ ने फोन ही स्विच आॅफ कर दिया। इतना ही नहीं अंजू बरनवाल के बेटे सुल्तानपुर के ही सीडीओ के कैमरापर्सन हैं और खुद सीडीओ ने आॅक्सीजन की व्यवस्था के लिए सीएमओ से पैरवी भी की थी, लेकिन फिर भी अंजू बरनावाल को आॅक्सीजन नहीं मिल सका और उन्होंने दम तोड़ दिया। यह तो प्रदेश के जिम्मेदार अफसरों की सक्रियता का हाल है। वैभव ने पूछा कि अंजू बरनवाल की मौत का जिम्मेदार कौन है सीएमओ या हुकूमत।वही मेरठ के केएमसी अस्पताल में भी सोमवार रात आॅक्सीजन की कमी से आठ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहां की प्रिंसिपल ने खुद ही यह माना है कि आॅक्सीजन की पर्याप्त और समय से जिला प्रशासन सप्लाई नहीं कर पा रहा है। इसी तरह बुलंदशहर में फुटपाथ पर एक महिला को उसके परिजन लेकर पड़े रहे, लेकिन जिला अस्पताल प्रशासन ने बिना को भी जांच रिपोर्ट किए भर्ती करने से इंकार कर दिया।माहेश्वरी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का हाल देखिए। उनकी लाचारगी और बेचारगी भी देखिए। मेरठ से भाजपा सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है कि इस समय मेरठ में करीब 35 मीट्रिक टन आॅक्सीजन की जरूरत है, लेकिन मात्र 10 मीट्रिक टन गैस की ही आपूर्ति हो रही है। जिस स्पीड से संक्रमण फैल रहा है, आशंका जताई जा रही है कि अभी और आॅक्सीजन की जरूरत पड़ेगी। भाजपा के जनप्रतिनिधि खुद घनघोर अव्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा के ही प्रवक्ता आलोक अवस्थी ने ट्वीट करके एक मरीज के लिए बेड और वेंटिलेटर की व्यवस्था करने की शासन से गुहार लगाई। वैभव ने कहा कि कुल मिलाकर पूरे उत्तर प्रदेश में हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन योगी आदित्यनाथ संपादकों के साथ बैठक में सिर्फ और सिर्फ झूठे दावे कर रहे हैं। इस तरह वह जुमलेबाजी में प्रधानमंत्री मोदी से भी आगे निकल गए हैं।
