कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर प्रत्याशी व एजेंट को मिलेगा प्रवेश
मुरादाबाद
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतगणना के दिन उन्हीं प्रत्याशियों,मतगणना एजेंट और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतगणना स्थल में प्रवेश मिल पाएगा,जिनके पास मतगणना से 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट होगी। इस रिपोर्ट के बिना किसी को मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
दो मई को पंचायत चुनाव में प्रधान,जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी के पदों के लिए मतों की गिनती का काम शुरू होना है। मतगणना स्थल पर कोरोना प्रोटोकॉल का शत प्रतिशत पालन हो,इसको लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से सभी प्रत्याशी, मतगणना एजेंट और राजनैतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को सूचित किया है। जो भी शख्स दो मई को मतगणना स्थल के अंदर जाएगा, उनको मतगणना शुरू होने से 72 घंटे पहले की आरटीपीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी। इस रिपोर्ट के बाद ही प्रवेश की अनुमति संभव हो पाएगी। कोरोना संक्रमण में सभी सुरक्षित रहे और मतगणना का कार्य सरलता से पूरा हो, इसके लिए प्रशासन ने इसका इंतजाम किया है।
