बिल लाओ इनाम पाओ योजना : 75 लोगों ने लकी ड्रॉ में जीता इनाम
ऋषिकेश। उत्तराखंड राज्य कर विभाग की बिल लाओ इनाम पाओ योजना लगातार लोगों को खूब आकर्षित कर रही है। ऋषिकेश के लोग भी इस योजना में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। नवंबर माह में जीएसटी के बिल अपलोड करने वाले लोगों में से 75 लोगों ने लकी ड्रॉ में इनाम जीता है। इनको विभाग के कार्यालय में बुलाकर इनाम दिए गए। बुधवार को ऋषिकेश स्थित राज्य कर विभाग के कार्यालय में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ राज्य कर विभाग के उपायुक्त श्यामसुंदर तिरूवा ने किया। कार्यक्रम में इनाम जीतने वाले 31 लोग पहुंचे। जिनको उपायुक्त ने इनाम देकर उन्हें जीएसटी के बिल लेने के फायदे भी गिनाए। उपायुक्त श्यामसुंदर तिरुवा ने बताया कि नवंबर माह में 75 लोग लकी ड्रॉ के दौरान इनाम जीतकर विजेता बने हैं। बुधवार को 12 लोगों को स्मार्टफोन, 11 लोगों को स्मार्ट वॉच और 8 लोगों को एयरफोन इनाम में दिया। बताया यह योजना अभी चलती रहेगी। योजना के अंत में एक मेगा ड्रा भी होगा। इसमें कार बाइक स्कूटी लैपटॉप जैसे बड़े इनाम विजेताओं को दिए जाएंगे। बताया कि ऋषिकेश में पुरस्कार वितरण का यह पहला सत्र आयोजित किया गया है। बिल लाओ इनाम पाओ की योजना चलाने का मुख्य उद्देश्य जहां राजस्व में बढ़ोतरी करना है, वही लोगों को जीएसटी के पक्के बिल लेकर कर चोरी रोकने के लिए जागरूक करना भी है। कहा कि 200 रुपये से अधिक की खरीदारी करने वाले लोग जीएसटी का बिल मोबाइल में राजस्व कर विभाग की एप्लीकेशन डाउनलोड करके अपलोड कर सकते हैं। कार्यक्रम में व्यापार मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
