युवक से मारपीट में केस दर्ज
रुड़की। युवक के साथ मारपीट कर उसे घायल अवस्था में गांव से दूर फेंकने का मामला सामने आया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव मुंडेट निवासी मुकेश पुत्र रामसिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक फरवरी को दोपहर बाद करीब तीन बजे उसके पुत्र मोंटी को नारसन क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर जट्ट निवासी दो युवक घर से बुलाकर ले गए थे। देर शाम तक मोंटी घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। उसी शाम को कुछ ग्रामीणों द्वारा सूचना दी गई कि मोंटी गंभीर रूप से घायल अवस्था में गांव लिब्बरहेडी स्थित पेट्रोल पंप के पास पड़ा है। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। घायल को राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। बताया गया है कि मोंटी के सिर में गंभीर चोट आई है, उसका उपचार चल रहा है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार मैनवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर नामजद किए गए आरोपियों दीक्षित और गौरव निवासी मोहम्मदपुर जट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
