सड़क किनारे मृत मवेशी डालने से लोग परेशान
काशीपुर। सड़क किनारे मवेशियों के शव डालने से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शिकायत के बाद भी प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं की जाने से लोगों में आक्रोश है। कुंडेश्वरी रोड पर सांई मंदिर के पास सड़क किनारे लोग मृत मवेशी डाल देते हैं। शव से उठने वाली सडांध से राहगीरों को दिक्कतें उठानी पड़ती है। जिसकी शिकायत राहगीरों ने कई प्रशासन से की। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर जाकर मौका मुआयना कर चुके हैं और लोगों को समस्या के जल्द निराकरण का आश्वासन भी दिया। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
हड्डी चरसा का ठेका न होने से हो रही समस्या
काशीपुर। करीब चार माह पहले लोगों की शिकायत के बाद मौके पर प्रशासन की टीम गई थी। मौका मुआयना करने के बाद उस जगह पर चार दीवारी बनाने और हड्डी चरसा का ठेका देकर समस्या के समाधान की बात कही गई थी। लेकिन अब तक ठेका नहीं हो पाया है।
नगर निगम द्वारा हड्डी चरसा का ठेका निकाला गया था। लेकिन कोई भी ठेका लेने नहीं आया। अब चाहरदीवारी बनाकर समस्या को कम करने का प्रयास किया जाएगा। -अभय प्रताप सिंह, एसडीएम, काशीपुर।
