भर्ती परिक्षाओं की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के पर्यवेक्षण में कराने की मांग
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में धांधली की विवेचना सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के पर्यवेक्षण में कराने की मांग की है। कहा है कि इसके लिए आयोग गठित किया जाए। मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि सरकार ने फरवरी 2023 को उच्च न्यायालय से सिटिंग जज के पर्यवेक्षण में जांच कराए जाने को लेकर आग्रह किया था, जिसके क्रम में उच्च न्यायालय द्वारा अवगत कराया गया कि न्यायाधीशों की संख्या कम होने व अन्य अपरिहार्य कारणों से मामले की विवेचना कराया जाना संभव नहीं है। नेगी ने कहा कि पूर्व में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं जिनमें ग्राम पंचायत विकास अधिकारी परीक्षा, स्नातक स्तरीय परीक्षा, सचिवालय रक्षक भर्ती परीक्षा, वन दरोगा भर्ती परीक्षा, पटवारी-लेखपाल भर्ती परीक्षा, एई -जेई भर्ती परीक्षा आदि मामले में जांच एसटीएफ के स्थान पर सीबीआई से कराए जाने की मांग की गई थी। जिसको न्यायालय द्वारा ठुकरा दिया गया था। कहा कि मोर्चा को भरोसा है कि भर्ती परीक्षाओं की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की निगरानी में होने से बड़े वाले जालसाजों पर शिकंजा कसेगा। इस मोर्चा महासचिव आकाश पंवार व दिलबाग सिंह मौजूद रहे।
