Friday, October 16, 2026
UTTAR PRADESH

उन्‍नाव में सीएचसी-पीएचसी के प्रभारियों का सामूहिक इस्‍तीफा, अफसरों पर गलत व्‍यवहार का लगाया आरोप

उन्‍नाव

कोरोना महामारी के बढ़ते खतरे और मौतों के बढ़ते ग्राफ के बीच उत्‍तर प्रदेश के उन्‍नाव से बड़ी खबर आ रही है। जिले के सामुदायिक और प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्रों (सीएचसी और पीएचसी) के प्रभारियों ने सामूहिक इस्‍तीफा दे दिया है।
कुल 11 सीएचसी और पांच पीएचसी के प्रभारियों ने डिप्‍टी सीएमओ तनमय कक्‍कड़ को अपना इस्‍तीफा सौंप दिया। सभी प्रभारी सीएमओ ऑफिस पहुंचे। नाराज प्रभारियों ने अफसरों पर गलत व्‍यवहार करने का आरोप लगाया और कहा कि उन पर बेवजह दबाव बनाया जाता है। उन्‍होंने कहा कि दो प्रभारियों को गलत ढंग से हटा दिया गया है। डॉक्‍टरों ने कहा कि उन्‍हें कोरोना काल में संकट से निपटने और अपने बचाव के लिए कोई संसाधन नहीं मिले।
एक दिन में 329 संक्रमितों की मौत
यूपी में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमित 329 और लोगों की मौत हो गई तथा 18125 नए मरीजों में इस संक्रमण की पुष्टि हुई। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कोविड-19 संक्रमित 329 और लोगों की मौत हो गई और इसके साथ ही राज्य में इस वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16372 हो गई है।
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में 18125 नए मरीजों में कोविड-19 संक्रमण की पुष्टि हुई है जिसके साथ प्रदेश में अब तक 15 लाख 63 हजार 238 मरीज संक्रमित हो चुके हैं और इनमें से 13 लाख 40 हजार 251 मरीज ठीक भी हो गए हैं। प्रसाद ने बताया कि पिछले 11 दिनों के दौरान प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण के उपचाराधीन मामलों में एक लाख चार हजार की कमी आई है और राज्य में इस वक्त इस बीमारी से उबरने का प्रतिशत 85.7 हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *