महाविद्यालय के समर्थ पोर्टल को खोलने की मांग
उत्तरकाशी। महाविद्यालय में प्रवेश के लिए वंचित छात्र छात्राओं को प्रवेश देने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पुरोला इकाई ने टिहरी गढ़वाल के विभाग संयोजक राकेश नेगी के नेतृत्व में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एके तिवारी के माध्यम से श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन भेजकर महाविद्यालय के समर्थ पोर्टल को खोलने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तराखंड की भौगोलिक विषम परिस्थिति है, जहां कई क्षेत्र ऐसे हैं कि नेटवर्क की सुविधा नहीं है जिससे कि छात्रों को सूचना नहीं मिल पाई है ज्ञापन में कहा गया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में मई व जून अधिक वर्षा होती है जिससे नेटवर्क सहित आवागमन के मार्ग भी बाधित रहते हैं। जिससे कि छात्रों को सही समय पर सूचना नहीं मिल पाई और क्षेत्र के अधिकांश छात्र प्रवेश से वंचित रह गए हैं। कहा गया है कि रजिस्ट्रेशन से वंचित छात्रों को पुनः रजिस्ट्रेशन करने के लिए महाविद्यालय के समर्थ पोर्टल को पुनः खोला जाय जिससे कि छात्र रजिस्ट्रेशन कर सकें। ज्ञापन में राकेश नेगी, अनुज खत्री, मामराज, अजय, नीतीश आदि लोगों के हस्ताक्षर हैं।
