रामेश्वर मंदिर को मानसखंड कारीडोर से जोड़ने की मांग
पिथौरागढ़। सरयू और रामगंगा के संगम पर स्थित रामेश्वर मंदिर को होटल एसोसिएशन ने मानसखंड कारीडोर से जोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि रामेश्वर मंदिर एक पुण्य तीर्थस्थल है। मानसखंड से जुड़ने पर मंदिर को नई पहचान मिलेगी। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र भट्ट के नेतृत्व में सदस्यों ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। इस दौरान भट्ट ने कहा कि रामेश्वर मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है। इस मंदिर का उल्लेख स्कंदपुराण मानसखंड में भी है। मान्यता है कि अयोध्या के सूर्यवंशी राजाराम ने र्स्वगारोहण प्रस्थान के दौरान यहां शिविलिंग की स्थापना की। पूर्व तक यहां शाम के समय आरती हुआ करती थी। इसके अलावा पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले लोग भी यहां विश्राम करके अपनी आगे की यात्रा शुरू करते थे, लेकिन वर्तमान में मंदिर सांयकालीन आरती भी नहीं होती। मंदिर के सौंदर्यीकरण की भी आवश्यकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आमजन की आस्था को देखते हुए रामेश्वर मंदिर को मानसखंड कारीडोर से जोड़ने की मांग की है। यहां सचिव राकेश देवलाल, संजय मल, राजेश शर्मा, मोहन नगरकोटी, राम सिंह, ललित खत्री, ललित मोहन कापड़ी, अनिल मेहरा आदि मौजूद रहे।
