नगर भ्रमण पर निकली श्रीराम और माता जानकी की पालकी
विकासनगर। हनुमद धाम के स्थापना दिवस पर मंगलवार को राम जानकी पालकी को नगर भ्रमण कराया गया। नगर भ्रमण के दौरान सैकड़ों भक्त भगवा ध्वज लिए हनुमान चालीसा का पाठ करते रहे, जिससे पूरा नगर भक्तिमय हो गया। नगर के बाशिंदों को नींद खुलते जय श्री राम का उद्घोष सुनाई दिया। हनुमद धाम से सैकड़ों भक्तों के साथ राम जानकी की पालकी कोतवाली रोड से गीता भवन होते हुए मुख्य बाजार पहुंची। बाजार से होते हुए डाकपत्थर तिराहे से सैयद रोड, अस्पताल रोड समेत पूरे नगर का भ्रमण किया। भोर में ही बाजार में हनुमान चालीसा, बजरंग बाण का गायन के साथ ही जय श्री राम का उद्घोष गूंजता रहा। प्रभु श्री राम और माता जानकी के दर्शनों के लिए नगरवासी घरों से बाहर दौड़ पड़े। घरों की छतों, द्वार, खिड़कियों से भी लोग पालकी पर पुष्प वर्षा करते रहे। सैकड़ों के भक्तों के बीच में चल रही राम पालकी की झांकी, हाथों में भगवा ध्वज लिए मदमस्त चल रहे भक्तों द्वारा हनुमान चालीसा, जय श्रीराम के उद्घोष से नगर का माहौल ऐस लग रहा था मानो प्रभु श्रीराम लंका विजय के बाद अयोध्या नगरी लौट रहे हों। नगर में बने तोरणद्वारों पर पुष्प थाल लिए नगर की बालिकाएं पालकी पर पुष्प वर्षा कर राम चरित मानस का गान करती रही। भगवा कपड़े पहने राम भक्तों की अलग-अलग टोलियों ने अनेक करतब भी दिखाए। नगर भ्रमण के दौरान राम भक्त हनुमान से जुड़ी झांकियों के साथ ही श्री राम दरबार, राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न की बाल लीला, शिव परिवार, राम मंदिर की झांकियां शामिल की गईं थीं। नगर भ्रमण में दिनेश अग्रवाल, नवनीत गुप्ता, शशांक अग्रवाल, विष्णु महावर, संदीप महावर, अर्चना त्यागी, रामबाबू अग्रवाल, राजू त्यागी, दया सागर, रोशन लाल शर्मा, कमल कांत अग्रवाल, मोहन लाल, मनीष गुप्ता, प्रदीप त्यागी, विक्रांत अग्रवाल, राजेश कुमार, अनुज कंसल, विकास वर्मा, विनीत ठाकुर, अमरीश गुप्ता आदि शामिल रहे।
