छात्रों को प्रवेश के लिए अंतिम मौका दिए जाने की मांग
श्रीनगर गढ़वाल(
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर छात्र संघ के विवि प्रतिनिधि चैतन्य कुकरेती के नेतृत्व में छात्रों ने स्नातक स्तर पर प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिए जाने की मांग की है। इस संदर्भ में कुकरेती ने गढ़वाल विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एमएस नेगी को ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि कई छात्र-छात्राएं बीए एवं बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए निर्धारित की गई तिथि पर प्रवेश नहीं ले पाए। साथ ही जिन छात्रों का शुल्क जमा हुआ है उनमें से कई छात्रों की काउंसलिंग नहीं हो पाई है। जिससे छात्र-छात्राएं विवि में प्रवेश लेने से वंचित हो गए हैं। उन्होंने छात्रों के भविष्य को देखते हुए जल्द ही प्रवेश शुल्क जमा करने की तिथि नियत करने और प्रवेश के लिए काउंसलिंग की एक तिथि निर्धारित किए जाने की मांग की है। छात्रों की मांग पर डीएसडब्ल्यू ने सकारात्मक आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में राहुल, सचिन आदि मौजूद थे।
